13 साल की तनिष्का ने साइकोलॉजी में लिया प्रवेश
इंदौर
डीएवीवी में एक ऐसी स्पेशल छात्रा ने एडमिशन लिया है, जिसने 11 साल की उम्र में 10वीं पास कर इंडिया बुक ऑफ अवॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाया। अगले ही साल उसने 12 साल की उम्र में 12वीं पास कर एशिया बुक ऑफ अवार्ड का सम्मान भी अपने नाम कर लिया। यूनिवर्सिटी के तक्षशिला परिसर के स्कूल ऑफ लाइफ लांग लर्निंग में बीए में एडमिशन मिलने के साथ ही 13 साल की तनिष्का की चर्चा इंदौर ही नहीं देशभर में हो रही है।
विधि की पढ़ाई में दिलचस्पी होने के चलते वह बीएएलएलबी में दाखिला लेना चाहती थी। मगर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से संचालित पाठ्यक्रम में सीटें उपलब्ध नहीं है। इसके चलते विश्वविद्यालय प्रशासन ने तनिष्का को स्कूल ऑफ सोशल वर्क से संचालित बीए साइकोलॉजी में दाखिला दिया है। हालांकि छात्रा और उसकी मां ने अभी तक हार नहीं मानी है। विधि पाठ्यक्रम की पढ़ाई के लिए राज्यपाल और उच्च शिक्षा मंत्री से भी गुहार लगाने की तैयारी है। इसके लिए लोकसभा सांसद शंकर लालवानी बालिका की मदद कर रहे हैं।

पाठको की राय